Amritpal Singh की अलग देश Khalistan बनाने की पूरी तैयारी थी, नक्शा-झंडा-करेंसी बना ली थी
Breaking Desk | BTV Bharat
वारिस पंजाब दे के चीफ खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के बारे में पुलिस ने नए दावे किए हैं। उसका कहना है कि अमृतपाल ने अलग देश खालिस्तान बनाने की पूरी तैयार कर ली थी। उसके पास से खालिस्तान की करेंसी, झंडा और नक्शा भी मिला है। खन्ना पुलिस की SSP अमनीत कौंडल ने आज बताया कि अमृतपाल सिंह के गनर तजिंदर सिंह उर्फ गोरखा बाबा ने ये सारे खुलासे किए हैं।
इन लोगों ने खालिस्तान का नया झंडा, अलग करेंसी बना ली थी
कौंडल का कहना है कि इन लोगों ने खालिस्तान का नया झंडा, अलग करेंसी और सिख रियासतों के झंडे तक बना लिए थे। प्राइवेट आर्मी आनंदपुर खालसा फौज के अलावा एक क्लोज प्रोटेक्शन टीम भी बनाई थी। AKF के हर व्यक्ति को स्पेशल नंबर अलॉट किया गया था। खालिस्तान बनाने के लिए अमृतपाल सिंह की हथियारबंद संघर्ष शुरू करने की तैयारी थी। 2 वॉट्सऐप ग्रुप बनाए गए थे।
आनंदपुर खालसा फौज वाले ग्रुप में नए लड़कों को जोड़कर उकसाया जाता था
आनंदपुर खालसा फौज वाले ग्रुप में नए लड़कों को जोड़कर उकसाया जाता था। दूसरा ग्रुप अमृतपाल टाइगर फोर्स के नाम से था, जिसमें सिर्फ अमृतपाल के करीबी ही मेंबर थे। पुलिस का कहना है कि अमृतपाल के गनर के मोबाइल से फायरिंग रेंज का एक वीडियो भी मिला है। जिसमें पूर्व फौजी हथियार चलाने की ट्रेनिंग देते दिख रहे हैं। यह फायरिंग रेंज अमृतपाल के गांव जल्लूपुर खेड़ा में बनाई गई थी। पुलिस ने यह वीडियो जारी किया है। इसमें दिख रहा है कि अमृतपाल के साथ रहने वाले फायरिंग की प्रैक्टिस कर रहे हैं।