नई दिल्ली। दिल्ली कूच पर अड़े किसान शुक्रवार को भी आक्रामक रुख अपना चुका है। सिंधु बॉर्डर पर पुलिस और किसानों के बीच भिड़ंत हुई, यहां पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, लेकिन किसान पीछे नहीं हटे हैं। प्रदर्शन के कारण दिल्ली में कई जगह मेट्रो स्टेशन बंद किए गए हैं, साथ ही अस्थाई जेल बनाने की तैयारी है।
दिल्ली में कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने आ रहे किसानों को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बल सिंघु बॉर्डर पर आंसू गैस का इस्तेमाल कर रहे हैं। pic.twitter.com/WVzvmvXRSy
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 27, 2020
ग्रीन लाइन पर कई जगह मेट्रो स्टेशन के गेट बंद
किसानों के प्रदर्शन के कारण कई मेट्रो स्टेशन के गेट्स को बंद कर दिया गया है, ग्रीन लाइन पर ब्रिगेडियर होशियार सिंह, बहादुरगढ़ सिटी, श्रीराम शर्मा, टिकरी बॉर्डर, टिकरी कलां, घेवरा स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट को बंद कर दिया गया है। वहीं किसानों का कहना है कि हम दिल्ली जाकर रहेंगे चाहे कुछ भी हो जाए. सरकार हमारी बात नहीं सुन रही है और हम दिल्ली के रामलीला मैदान में ही जाकर रुकेंगे।
बता दें कि किसानों के द्वारा कृषि कानून के विरोध में 26 से 28 नवंबर तक ‘दिल्ली चलो’ आंदोलन है। बीते एक दिन पहले पंजाब के अंबाला-पटियाला बार्डर पर दिल्ली कूच कर रहे किसानों ने उग्र होकर प्रदर्शन किया था। पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग को तहस नहस कर दिया। इसके बाद पुलिस ने किसानों पर पानी की बौछार की, साथ ही आंसू गैस के गोले भी दागे थे।
कृषि मंत्री ने किसानों से की अपील
वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि ‘मैं अपने किसान भाइयों से अपील करना चाहता हूं कि वे आंदोलन न करें। नए कृषि कानूनों को समय की आवश्यकता थी। आने वाले समय में यह क्रांतिकारी बदलाव लाने वाला है। हमने पंजाब में सचिव स्तर पर अपने किसान भाइयों की गलत धारणाओं को दूर करने के लिए बात की है। हम 3 दिसंबर को बात करेंगे”।