नई दिल्ली। किसान आंदोलन में एक नई कड़ी जुड़ गई है जिसके चलते भारत बंद रहेगा। भारत बंद को लेकर दिल्ली पुलिस ने पूरी तरह कमर कस ली है। नई दिल्ली जिले में किसी को भी प्रवेश करने के अनुमति नहीं होगी। भारत बंद को लेकर दिल्ली पुलिस मुख्यालय में सोमवार को कई बैठकें हुईं।
पुलिस ने कसी कमर
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी अनिल मित्तल ने बताया कि भारत बंद के आह्वान को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई बंद करवाने के लिए जबरदस्ती करेगा या फिर कानून को अपने हाथ में लेगा तो उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से कहा है कि वह कानून को अपने हाथ में नहीं ले। बंद के दौरान ट्रैफिक सुचारू रूप से चले इसके पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में किसानों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। अगर वह निरंकारी मैदान जाना चाहे तो पुलिस के साथ जा सकते हैं।
दिल्ली पुलिस के जवानों को मंगलवार सुबह छह बजे अपने-अपने ड्यूटी पाइंट संभालने को कहा गया है। सभी जिला डीसीपी व थानाध्यक्ष को अपने-अपने इलाकों में रहने व ज्यादा से ज्यादा गश्त करने को कहा है। प्रमुख चौराहों व बाजारों में ज्यादा गश्त करने को कहा है। दिल्ली पुलिस के जवानों के अलावा पैरा मिलिट्री फोर्स की 100 कंपनियां तैनात की गई हैं। अगर कहीं पर कोई अप्रिय घटना होती है तो रिजर्व पुलिस बल को तुरंत मौके पर भेजा जाएगा।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारयों को ये भी आदेश दिए गए हैं कि आम आदमी पार्टी से संपर्क कर प्रदर्शन व बंद करने वाली जगहों पर पता कर उन जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाया जाए। दिल्ली पुलिस को ये भी खुफिया जानकारी मिली है कि किसान दिल्ली में प्रवेश नहीं करेंगे। दिल्ली पुलिस ड्रोन से भी नजर रखेगी
दिल्ली पुलिस के कई जिला डीसीपी ने ड्रोन से भी नजर रखने की बात कही है। बॉर्डर इलाकों में भी ड्रोन से नजर रखी जाएगी। कई जगहों पर वीडियोग्राफी करने के भी आदेश दिए गए हैं।