Kerala ‘Human Sacrifice’: केरल में दो महिलाओं का अपहरण कर दी बलि,पुलिस ने डॉक्टर दंपति को किया गिरफ्तार
Breaking Desk | BTV Bharat
केरल के पथानामथिट्टा जिले में एक घर के अंदर दो महिलाओं के क्षत-विक्षत शव मिले हैं। आशंका है कि काले जादू के शक में ये हत्याएं की गई हैं। उन्हें इस घर में दफना दिया गया था। इन महिलाओं को दोस्ती झांसा देकर अपहृत किया और फिर बलि दे डाली। पुलिस को शक है कि आरोपी दंपती ने बलि देने के बाद महिलाओं का मांस भी खाया।
काले जादू के चक्कर में ‘मानव बलि’ की आशंका
पुलिस के अनुसार काले जादू के चक्कर में ‘मानव बलि’ की आशंका है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आज तीनों आरोपियों को एर्नाकुलम की सत्र अदालत में पेश किया। कोर्ट ने तीनों को 26 अक्तूबर तक पुलिस रिमांड पर सौंपा है। इन पर मानव बलि का केस दर्ज किया गया है। तीन आरोपियों में एजेंट मोहम्मद शफी व भगवंत सिंह तथा उसकी पत्नी लाली शामिल है। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने पहले महिलाओं की हत्या की और फिर उनके शवों के कई टुकड़े कर उन्हें तिरुवल्ला के पास एक घर में दफना दिया।
काले जादू के चक्कर में इन महिलाओं की बलि दी गई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि काले जादू के चक्कर में इन महिलाओं की बलि दी गई। आरोपियों ने धनवान बनने के लिए पूजा की थी, बलि के लिए इन महिलाओं से दोस्ती की गई और फिर अपहरण कर बलि दे दी। मृतकों की पहचान कदवंथरा निवासी पद्ममा और कालड़ी निवासी रोसिली के रूप में हुई है। दोनों 26 सितंबर से लापता थीं। कोच्चि के पुलिस आयुक्त सीएच नागराजू ने बताया कि हमने शफी से पहले पूछताछ की थी, लेकिन उसमें कोई सुराग नहीं मिला। वैज्ञानिक जांच के आधार पर ही हम घटनास्थल तक पहुंचे। शफी ही मुख्य साजिशकर्ता व आरोपी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कल गिरफ्तार किया था। आरोपी दंपती व एजेंट शफी ने तंत्र-मंत्र की सिद्धि कर पैसा व शोहरत पाने के चक्कर में वारदात की।