नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर (Kushinagar Accident) स्थित नौरंगिया के स्कूल खास टोला में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, शादी समारोह के दौरान हादसे में 9 बच्चियों समेत 13 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक रात करीब साढ़े आठ बजे गांव की महिलाएं और किशोरियां हल्दी की रस्म के लिए मटकोड़ के लिए निकली थीं। मटकोड़ से वापस लौट रहे सभी लोग कुएं के पास जमा हुए और नाच-गाना शुरू हो गया। इसी दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे कुएं पर पड़े स्लैब पर चढ़ गए। भीड़ बढ़ने से स्लैब टूट गया और करीब 23 लोग कुएं में गिर गए।
Corona Virus: बीते 24 घंटों में मृतकों की संख्या में फिर इजाफा, संक्रमित मरीज भी 30 हजार के पार
हादसे के बाद अफरा तफरी
ग्रामीणों ने बताया कि लंबी सीढ़ी लगाकर लोगों को बचाना शुरू किया गया। गांव के युवकों ने ही कुएं में कूदकर लोगों की जान बचाई। इस दौरान पुलिस और एंबुलेंस को भी सूचना दी गई। पुलिस कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई, लेकिन एंबुलेंस पहुंचने में डेढ़ घंटे से भी ज्यादा का समय लग गया। घायलों को पुलिस की गाड़ी से ही अस्पताल पहुंचाया गया था।
पुलिस ने ली फायर ब्रिगेड की मदद
पुलिस ने प्रयास कर फायर ब्रिगेड को बुलाया। सभी को कुएं से बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से 13 की मौत की पुष्टि हुई है। इलाके के सासंद विजय दुबे, विधायक जटाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि हादसे की सूचना सीएम कार्यालय को दे दी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने घटना पर दुख जताते हुए घायलों के इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
जांच का विषय
डीएम एस राजलिंगम ने कहा कि ये जांच का विषय है। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार कुएं पर वो स्लैब 12 साल पहले लगाया गया था। वह जमीन के बराबर है। काफी लोग वहां बैठ गए थे। उन्हें नहीं पता था कि वहां कुआं है।
हादसे पर डीएम राजलिंगम ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण घटना में 13 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में सभी महिलाएं, युवतियां, किसोरियां और बच्चे हैं। मौके पर कमिश्नर और डीआईजी साहब भी पहुंचे थे। फिलहार ये किसकी लापरवाही थी, ये जांच का विषय है।