Mainpuri Bypoll Election Result: मैनपुरी में रिकॉर्ड जीत की ओर डिंपल यादव, 2.88 लाख की लीड, प्रसपा का समाजवादी पार्टी में विलय
समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन से खाली हुई मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के बाद वोटों की गिनती में अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव 2.88 लाख वोटों से आगे चल रही है। बीजेपी के रघुराज शाक्य लगातार पिछड़ रहे हैं। वो अपने घर के बूथ धौलपुर में भी डिंपल से पीछे रह गए। मैनपुरी लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाली पाचों विधानसभा सीटों जसवंतनगर, करहल, भोगांव, किशनी और मैनपुरी सदर सीट पर डिंपल आगे चल रही हैं। डिंपल यादव लगभग एकतरफा बढ़त बनाए हुए है।
डिंपल यादव ने रघुराज शाक्य से एक लाख से ज्यादा की लीड ली
शिवपाल यादव का गढ़ कही जाने वाली जसवंतनगर सीट पर डिंपल यादव ने रघुराज शाक्य से एक लाख से ज्यादा की लीड ली। डिंपल यादव को अभी तक की गिनती में 618120 वोट मिल चुके हैं जबकि बीजेपी के रघुराज शाक्य को 329659 वोट मिला है। डिंपल ने जसवंतनगर में शिवपाल की जीत का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है जो 90 हजार के लगभग वोट के अंतर से जीते थे। मुलायम खुद 2019 में मैनपुरी 94 हजार के अंतर से जीते थे। मुलायम यह सीट 2014 में 364666 वोट के अंतर से जीते थे। वहीं मैनपुरी में डिंपल की जीत तय होने के बाद शिवपाल सिंह यादव की पार्टी प्रसपा का समाजवादी पार्टी में विलय हो गया है।