नई दिल्ली। झारखंड के लोहरदगा जिले में सेरेंगदाग के शाही घाट में शुक्रवार को माओवादियों के साथ मुठभेड़ में झारखंड पुलिस के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गये जिन्हें विशेष चिकित्सा के लिए हेलीकॉप्टर से रांची लाकर निजी मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लोहरदगा के अनुमंडल पुलिस अधिकार (एसडीपीओ) जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एक खुफिया सूचना के आधार पर जब सुरक्षा बल सेरेंगदाग के शाही घाट इलाके में तलाशी के लिए पहुंचे तो वहां छिपे माओवादियों ने घात लगाकर सुरक्षा बलों पर गोलीबारी प्रारंभ कर दी जिसमें दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गये लेकिन सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई के बाद नक्सली समीप के जंगल में भाग गये।
उन्होंने बताया कि मुठभेड में जिला पुलिस के जवान उपेन्द्र सिंह और सैप के अरविंद पाण्डेय गंभीर रूप से घायल हो गए और इन्हें बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची लाया गया जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि माओवादियों ने पहले आइइडी विस्फोट किया और फिर पुलिस पर गोलियां भी चलायीं जिससे दोनों जवान घायल हो गये। स्थानीय पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की अतिरिक्त टुकड़ियां घटना स्थल पर भेजी गयी हैं और तलाशी अभियान जारी है। उन्होंने बताया कि माओवादियों का नेतृत्व उनका कमांडर रविंद्र गंझू कर रहा था जिसकी लंबे समय से पुलिस तलाश कर रही है।