डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम सिंह को मिली एक महीने की पैरोल
चंडीगढ़, 17 जून जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को एक महीने की पैरोल मिली है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। राम रहीम सिंह को 2017 में बलात्कार के मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद हरियाणा के रोहतक की जेल में बंद कर दिया गया था।
राम रहीम बलात्कार केस में था जेल में बंद
रोहतक जेल के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘उसे एक महीने की पैरोल दी गई है और वह शुक्रवार को जेल से बाहर आया है।’इससे पहले फरवरी में डेरा प्रमुख को तीन सप्ताह की छुट्टी दी गई थी। डेरा प्रमुख सिरसा में अपने आश्रम में दो महिला शिष्यों के साथ बलात्कार के आरोप में 20 साल की जेल की सजा काट रहा है, जहां डेरा मुख्यालय है। उन्हें अगस्त 2017 में पंचकूला में सीबीआई की एक विशेष अदालत ने दोषी ठहराया था।संप्रदाय प्रमुख राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में बंद था।
सूत्रों ने कहा कि डेरा प्रमुख के उत्तर प्रदेश के भागपत में डेरा सच्चा सौदा आश्रम, बरनावा जाने की संभावना है।